महाकाल परिसर को इस नाम से जाना जाएगा, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे प्रथम चरण के विकास कार्यों का लोकार्पण

उज्जैन। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज उज्जैन में मंत्रि-परिषद की बैठक के पहले मंत्रीगण को संबोधित कर बताया कि महाकाल परिसर में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अनेक कार्य सम्पन्न हुए हैं। हमारे लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर को प्रथम चरण का उद्घाटन करेंगे। महाकाल परिसर के सम्पूर्ण क्षेत्र का आकर्षक सौंदर्यीकरण किया गया है। रूद्र सागर पुनर्जीवित हो गया है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मंत्रियों को महाकाल परिसर परियोजना के कार्यों से अवगत करवाते हुए कहा कि पिछले सिंहस्थ के बाद यह विचार आया कि महाकाल परिसर का विस्तृत विकास किया जाये। इसके लिये वर्ष 2017 में सभी वर्गों के साथ मिल कर परिसर विस्तार की योजना बनाई गई। परिसर विस्तार के प्रथम चरण में 351 करोड़ रूपये के कार्य हो चुके हैं। दूसरे चरण के लिये 310 करोड़ 22 लाख के कार्य किये जाएंगे।
आज हमारा पहला निर्णय यही है कि महाकाल परिसर ‘महाकाल लोक’ के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि उज्जैन में महाकाल महाराज की सवारी पुलिस बैंड के साथ निकलती है। हम महाकाल पुलिस बैंड प्रारंभ करेंगे, जिनका उपयोग विभिन्न त्यौहार और पर्व पर किया जाएगा। इसके लिए 36 नये पद सृजन किये जाएंगे।