बेटे को नवोदय विद्यालय छोड़कर लौट रहे दिव्यांग शिक्षक की सड़क हादसे में मौत- Shivpuri News

शिवपुरी। रन्नौद थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाल ग्राम खरेह निवासी दिव्यांग शिक्षक नरवर नवोदय विद्यालय में अपने बेटे को छोड़कर अपने गांव खरेह की ओर लौट रहा था तभी रास्ते मे गाय के सामने आ जाने से शिक्षक की तीन पहिया स्कूटी पलट गई। हादसे में शिक्षक की मौत हो गई वहीं एक अन्य युवक घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार दिव्यांग शिक्षक जगन्नाथ खटीक निवासी ग्राम खरेह अपनी तीन पहिया स्कूटी पर सवार होकर खरेह निवासी बच्चन जाटव के साथ अपने बेटे करन खटीक को नरवर नवोदय विद्यालय छोड़कर खरेह की ओर लौट रहा था। तभी कोलारस थाना क्षेत्र के श्रीजी वेयर हाउस के सामने बायपास पर अचानक गाय के सामने आ जाने से दिव्यांग शिक्षक की तीन पहिया स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड से टकरा गई।
हादसे में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कूटी पर सवार अन्य साथी को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर डायल 100 मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए कोलारस स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां जांच के बाद डॉक्टर ने दिव्यांग शिक्षक को मृत घोषित कर दिया।