गर्भवती महिला के साथ गैंगरेप के बाद पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत, महिला की हालत गंभीर

मुरैना। दिल दहला देने वाला यह मामला मध्यप्रदेश के मुरैना जिले का है, जहाँ दुष्कर्म के एक आरोपी की गर्भवती पत्नी के साथ कुछ बदमाशों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर उस पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की। आग से 80 प्रतिशत झुलसी महिला को ग्वालियर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
मामला मुरैना जिले के अंबाह थाना इलाके की चांदपुर गांव का है। जहां एक गर्भवती महिला के साथ हैवानियत के बाद पेट्रोल डालकर जलाने की घटना सामने आई है। पीड़ित महिला ने बताया कि वह अपने पति पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला के घर समझौते के लिए गई थी। वहां उसके साथ तीन लोगों ने गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। जब महिला भागने लगी तो दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला समेत अन्य लोगों ने उसे पेट्रोल डालकर जला दिया। महिला 80% से ज्यादा झुलस गई है। वहीं महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई है। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था जहां से उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला ने दिसम्बर में पीड़िता के पति पर दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। जिसके बाद पीड़िता का पति जेल में था और हाल में ही जमानत पर छूटकर बाहर आया है। पीड़ित महिला की हालत अभी गंभीर बताई जा रही है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।