कमलागंज निवासी युवक सड़क किनारे घायल अवस्था मे मिला, गला कटा हुआ था – Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कठमई क्षेत्र में एक युवक घायल अवस्था मे सड़क किनारे पड़ा हुआ था। युवक का गला कटा हुआ था, जिसमे से खून बह रहा था। राहगीरों ने देखा तो इसकी सूचना 108 एम्बुलेंस को दी। एम्बुलेंस की मदद से 108 पायलट दीपक पाठक और ईएमटी अजीत नरवरिया ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
घायल गोलू शाक्य उम्र 19 साल निवासी कमलागंज ने बताया कि मै घर से शराब पीने कठमई क्षेत्र में गया था। जब मैं शराब पी रहा था उस समय मेरे आस-पास अन्य लोग भी बैठ कर शराब पी रहे थे। इसके बाद मुझे नही पता कि क्या हुआ और मै यहां कैसे आया। युवक के हाथ पर ब्लेड से काटने के निशान भी बने हुए थे। जब युवक से निशान के विषय मे पूछा गया तो उसने बताया कि वह एक लड़की से प्यार करता था। उसके लिए ही उसने अपने हाथ ब्लेड से काट लिए थे, लेकिन अब उसका उस लड़की से कोई संबंध नही है और बताया कि प्रेमिका की शादी भी हो चुकी है और उसके एक बच्चा भी है।