उत्तर भारत मे कड़ाके की ठंड जारी, अभी और बढ़ेगी ठिठुरन

नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब हरियाणा सहित देश के कई राज्य कड़ाके की सर्दी की चपेट में है। शीतलहर भी चल रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी है कि अगले कुछ दिनों तक उत्तरी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में भीषण सर्दी की स्थिति रहेगी।
दिल्ली में भी अगले 24 घंटों में कड़ाके की सर्दी की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पूरे उत्तर भारत में भारी शीतलहर की चेतावनी जारी की है। पंजाब में रविवार को भी कड़ाके की सर्दी जारी रही। शीतलहर के कारण लोग घरों में दुबके रहे।
जम्मू कश्मीर में पारा और गिरा
जम्मू कश्मीर में तापमान हर दिन गिर रहा है। गलन भरी ठंड ने जनजीवन को मुश्किल कर दिया है। कश्मीर में लगभग सभी क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से काफी नीचे चला गया है। कड़ाके की ठंड की वजह से कश्मीर के कई इलाकों में नलों में पानी जम गया है। डल झील के अंदरूनी हिस्से भी जम गए हैं। अन्य जलस्रोतों की भी यही स्थिति है।